Sunday, July 19, 2020

हिन्दी काव्य धारा का सहज सरस समकोण कवि - बनाफर चन्द्र

#पुस्तक #समीक्षा
हिन्दी काव्य धारा का सहज सरस समकोण कवि -  बनाफर चन्द्र 
____________________________________

मैं हवा में नहीं 
ज़मीन पर रहता हूँ 
लेकिन नज़र ज़मीन से आकाश तक 
होती है 
इस आपाधापी 
और जीने मरने की रफ्तार में 
टिकाये हुए हूँ अभी तक पाँव  ।

बनाफर चन्द्र (1950-2017) का परिचय आज भले हीं स्मृति शेष कवियों में होना सुनिश्चित हो चुका है । पर उनका हिन्दी साहित्य से यूँ चले जाना यथोचित ही दुःख की बात है । उनका गुजरना मात्र दैहिक ही था, उनके साहित्य का गुजरना यह कहना मानों उनके साहित्य के साथ अन्याय करने जैसा है । देह तो नश्वर है, पंचभूत है । इसका अंत किसी कवि की कविता का अंत कदाचित नहीं हो सकता । कवि अपनी रचना-धर्मिता के कारण कभी नहीं मरता बल्कि वह अमरत्व को प्राप्त होता है । बनाफर चन्द्र का काव्य-संस्कार देशज होने के साथ-साथ रचना के धरातल पर तथा रचना की कसौटी पर पूर्णतः खरा उतरते दिखाई पड़ता है । कविता बहुत पारदर्शी विधा है । केवल लिख देने मात्र से कवि होना होता तो अनेक लोग कवि हो गए होते । विषय वस्तु और विचार की शुद्धता का दुर्गामी दृष्टि रखने वाला न्याय का अनुचर जिसमें कथन की अनूठी भाव-भंगिमा का अनुपम आदर्श विधमान हो वही कवि है तथा उसके शब्द कविता है  ।
                           बनाफर चन्द्र कथा से कविता, कविता से अनुगूँज होती गाँव घर, धूल, धुआँ और आँधी, विरसा प्रेत,मिट्टी की खुशबू, तुम माँ हो जैसी काव्य संरचना द्वारा रूचिबोध की सीमा में संसार के एकान्तवास से खींचकर हमें समाजिक बनाती है तथा बेगाने एवं कठोर समय की सच्चाईयों का पर्दाफाश भी करती है। बनाफर चन्द्र की जो कविता-संग्रह मुझे पढ़ने का सौभाग्य प्राप्त हुआ वह उनकी ताजातरीन एवं आखिरी काव्य-संग्रह 'कविता का वसंत' शीर्षक से तथा त्रिवेणी प्रकाशन सुभाष नगर डेहरी से प्रकाशित है, जो उन्होंने मुझे हस्तगत कर सस्नेह भेंट की थी। हिन्दी काव्य-साहित्य में आख्यान की धुरी अर्थात् उन प्रतिबिंबों को जिनसे हमारा समाज आहत है, विभाजित है, उन्हें धुरीहीन बना देने की जो आकुलता जैसा साहस बनाफर चन्द्र की कविताओं में दिखता है। इस दृष्टि से उन्हें हिन्दी काव्य-संरचना का अग्रदूत कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी। उनकी कविताएँ अपनी रचना-विन्यास में प्रगीतधर्मी है। इनकी रचनाएँ व्यक्ति तल को छुता एक अनगढ़ साय की भाँति संबल बनकर हमें पथ-प्रस्त करती दिखाई पड़ती है  । वह समकालीन कवि होते हुए वयक्तिमान को न्यारेपन के कारण आकृष्ट करते हैं । धारा एवं प्रवाह से अलग एक नयी राह खोज निकालने में सफल नज़र आते हैं । उनकी कविता अतुकांत की राह पर चलकर जीवन के मर्म को स्पर्श करती है । 'बच्चे की नींद', 'ज़मीन', 'फिदरत', 'मेहनती हाथों की हथेली पर', 'घर', इनकी प्रमुख कविताएँ है जो 'कविता का वसंत' काव्य-संग्रह में संकलित है । वे लिखते हैं  -

'जो पक रही है पतीली में
वह खिचड़ी नहीं है 
जो सिक रही है तावे पर 
वह रोटी नहीं है 
एक ख्याल है एक विचार है  ।'

बनाफर चन्द्र जी अपनी इस कविता के माध्यम से अपने विचारों का जो स्थान दिया है । वह सत्य हीं खिचड़ी नहीं है, ना हीं रोटी है । वह मर्माहत है समाज के उस वर्ग के हाथों जो धनिक तो है, पर हृदयहीन है । उसे किसी की भूख और गरीबी से कोई सरोकार नहीं है । बच्चा भूखे पेट माँ की गोद में कुलबुलाते सो जाता है, चूल्हे की ठंडी राख देखते-देखते । वह संवेदना व्यक्त करने के स्थान पर अट्टहास करता है, उसकी दारूण दशा पर । यह देख कवि की कविता धरातल पर रखी नज़र आती है । बनाफर चन्द्र अपनी कविताओं में जो चित्रण प्रस्तुत करते हैं, वह यर्थात् की ज़मीन पर खिंची गई है । कल्पणिक कथा को माध्यम रूप देकर मानव मन की वेदना और हर्ष को रेखांकित करती है तथा हृदय को छुता है । जिसका रेखांकन ही कविता का रचनात्मक उद्देश्य है । वह अपने विचारों का प्रस्तुतिकरण जिस भाॅति कविता में करते हैं, उनका शब्द-शिल्प, देखने-समझने के तरीके को ही नहीं उनके अनुभव व व्यवहार के तरीके को भी संचालित करती है । जितने सहज और सरल तरीके से वह अपनी बात कह देते हैं, दरअसल उतनी सरल है नहीं । सामान्य अर्थों में सरलता और आडंबरहीनता धारण कर हर तरह के रचाव-बनाव से संयुक्त उनकी रचना अकविता के दलदल से हिन्दी कविता को बाहर निकालती है । वह समकोण द्रष्टा वाले ऐसे जनकवि हैं, जिसकी आलोचना अपनी निष्पक्षता के कारण आलोचक को कोई स्थान नहीं देता है ।                                राजनीतिक चेतना से सामाजिक बदलाव तक, मानव जाति से प्रेम और सामाजिक मूल्यों की सर्वोपरिता तक वह समरूपता धारण किए सामाजिक चेतना के हुंकार हैं ।
                        उनकी एक कविता मेरे भीतर प्रश्नों का भवर-जाल बुन देती है और मैं उन प्रश्नों के उत्तर पाने के लिए गोते लगाने लगता हूँ । वह प्रश्न मुझे उद्देलित करते हैं सोचने पर विवश करती है । कविता अपने गहरे अर्थों को समेटे भूत, भविष्य और वर्तमान के चित्र जो उकेरे हुए है । वह साधारण प्रश्न नहीं है । बुद्धिजन का प्रश्न है । हमारी सभ्यता, संस्कृति, संस्कारों की आत्म-विवेचन का प्रश्न है । हमारे उत्तरोत्तर विकास और ह्रास का प्रश्न है । यह हमारे जीवन से जुड़ा सबसे बड़ा सवाल है । कवि अपनी कविता में कहता है  -

' पाताल में 
लग रहें हैं फल
आकाश में 
उगाई जा रही है सब्जियाँ
गमले में 
बोये जा रहे हैं धान गेहूँ
मटर टमाटर चना और फूल '

                  बनाफर चन्द्र एक छोटे से कस्बे बिहार प्रांत के रोहतास जिले के श्री रामपुर से निकलकर मध्य प्रदेश के भोपाल भेल में सेवारत होने के उपरांत हिन्दी साहित्य की उर्वर खेती करते हुए अखिल भारतीय दिव्य सम्मान और पुरस्कार 2015, रेणु सम्मान,  ज्योतिबा फूले सम्मान,  तुलसी सम्मान,  इकावन हजार रूपये का भेल कार्पोरेट पुरस्कार अर्जित किया । इतना ही नहीं साहित्यिक उपलब्धियों के आधार पर अन्य कवि अथवा लेखकों का उत्साह वर्धन भी करते रहे हैं । इस उत्साह वर्धन की कड़ी में बिहार प्रांत के रोहतास जिले के सोन नद के तट पर बसा शहर डेहरी-ऑन-सोन के प्रख्यात भोजपुरी और हिन्दी के मूर्धन्य एवं यशस्वी कवि, कहानीकार, नाटककार एवं उपन्यासकार राम लखन 'विधार्थी' को अपने देहावसान के दो दिन पूर्व साहित्य संगम संस्थान द्वारा एक साहित्यिक गोष्ठी तथा आयोजन में पाँच हजार रुपये का नगद धन राशि देकर उनके साहित्यिक जीवन की मंगल कामना करते हुए उनका उत्साह वर्धन किया । 
बनाफर चन्द्र जी की रचना ग्राम के साहित्यिक कृत्तियों में बीता हुआ कल, सवालों के बीच,  काला पंछी,  धारा,  ज़मीन,  बस्ती और अंधेरा,  अधूरा सफ़र (उपन्यास), पापा! तुम पागल नहीं हो, अपना देश,  मटमैला आकाश (कहानी संग्रह), सच के आगे भाग- 1,2,3 (आत्मकथात्मक), सहर के लिए,  चाँद सूरज (गज़ल संग्रह), उसकी डायरी (कहानी संग्रह) तथा कविता का वसंत प्रमुख है  ।


● अभिषेक कुमार 'अभ्यागत'
       पुस्तक समीक्षक
    डेहरी-ऑन-सोन, रोहतास बिहार ।




Tuesday, June 02, 2020

कविता : दीये की आग

"दीये की आग", को प्रतिलिपि पर पढ़ें : https://hindi.pratilipi.com/story/mc28ll01xuwl?utm_source=android&utm_campaign=content_share भारतीय भाषाओमें अनगिनत रचनाएं पढ़ें, लिखें और सुनें, बिलकुल निःशुल्क!

Friday, January 10, 2020

कवि : अभिषेक कुमार 'अभ्यागत' की कविता : बनारस

                                     बनारस



पूछता है
मणिकर्णिका घाट
का पानी
पूछती है
दशाश्वमेध घाट की सीढियाँ
पूछता है काशी का शंखनाद,
पूछती है
बाबा विश्वनाथ मंदिर की
ऊँची - ऊँची स्वर्ण गुम्बदें
घण्टों की टन - टन
संध्या - आरती का धूप - दीप
असंख्य मोक्ष प्राप्त आत्माएँ,
सकरी - आड़ी - तिरछी
बनारस की गलियों से
उसकी, ऊँची - ऊँची अट्टालिकाओं से
कबीर क्यूँ कूच कर गए ?
अपनी फकीरी का झोला उठाए
मोक्षदायिनी नगरी बनारस से
और जा बसे
किंवदंतियों की नगरी
मगहर में।
बनारस हाँ-हाँ बनारस
शिव की नगरी बनारस
कवि केदारनाथ सिंह की कविता वाला
एक टाँग पर खड़ा बनारस ।


                     - अभिषेक कुमार 'अभ्यागत'
                     युवा कवि, कथाकार एवं नाटककार
                     न्यू एरिया, (काली मंदिर गली)
                    डालमियानगर, रोहतास, (बिहार) 821305

Monday, December 30, 2019

कवि : अभिषेक कुमार 'अभ्यागत' की कविता : माँ [ साभार:काव्य कुसुमाकर (संयुक्त काव्य संग्रह) से]

     अभिषेक कुमार 'अभ्यागत' की कविता ' माँ  ' साभार -  काव्य कुसुमाकर (संयुक्त काव्य संग्रह),प्रकाशक - त्रिवेणी प्रकाशन सुभाष नगर, डेहरी, रोहतास, प्रकाशन वर्ष  - 2018, मूल्य  - 105₹


                                    माँ
                                -----------

बादलों के पार, दूर कहीं दूर
निर्जन, एकान्त,अनन्त पथ पर
'माँ' तुम गईं कहाँ  ?
ना चिट्ठी ना संदेश
तोड़ मोह-पाश वात्सल्य का
किस पथ पर, किस दिशा में
हाथ छुड़ा, हो गई ओझल
माँ, तू मेरी स्मृतियों में
सदा बसी रहेगी
तुम्हारी स्मृतियों का
रेखाचित्र, मेरे दृगों में
बार-बार उभर आता है
और, मैं अतीत के वातायन से
झाँकने लग जाता हूँ
तो, तुम सामने खड़ी नजर आती हो
काश  ! माँ एक बार
बस एक बार लौट आती
कसक बस इतनी है दिल में
तुम्हे देख लेता, एक बार फिर से
जबकि, मैं यह जानता हूँ
तू, अब न आएगी
किसी के बुलाये
पर, तेरी यादें बार-बार आएँगी ।


                      - अभिषेक कुमार 'अभ्यागत'
                        युवा कवि, कथाकार एंव नाटककार
                         डेहरी आन सोन, रोहतास (बिहार)


कवि : अभिषेक कुमार 'अभ्यागत' की कविता : धर्म के आक़ा

                                 धर्म के आक़ा
                             


कठमुल्ला हो या पंडा
नाम बदल लेने से
चरित्र नहीं बदलता
ये धर्म के रसूख़दार हैं
धर्म की कट्टरता का लिहाफ़ ओढ़ते हैं
और, अपने आचरण के दोहरेपन से
परम्परा और संस्कृति का गुण गान गाते हैं
और, हमारी शिराओं में
शनैः - शनैः भरते जाते हैं दुराग्रह
ताकि, वह उच्छृंखल हो सकें
हमारी बौद्धिक और वैचारिक चेतना को
कैद करने के लिए
और, उसमें समाहित कर सके
सम्प्रदायिक विद्वेष और उग्रवाद
ताकि, हम सोचने और जीने के प्रश्न पर
अपने ही मध्य
एक दरार, एक खाई
बनाये रख सकें
और वह, काठ के मनकों की माला फेरते हुए
कहला सकें धर्म के आक़ा ।

                       - अभिषेक कुमार 'अभ्यागत'
                       युवा कवि, कथाकार एंव नाटककार
                        डेहरी आन सोन, रोहतास (बिहार)


Sunday, August 25, 2019

यर्थाथ और आदर्श का एक वेवाक चित्रण - " कलम बोलती है "/ एक पुस्तक समीक्षा/ लेखक - निरंजन कुमार 'निर्भय' ।

निरंजन कुमार 'निर्भय' एक ऐसे शब्द शिल्पी, क्रांतिधर्मी कवि है, जो अपनी कलम से आजाद भारत की ज्वलंत समस्याओं का वेवाक चित्रण करते नजर आते हैं । वह अपने नाम के अनुरूप अपने काव्य संग्रह "कलम बोलती है" ( त्रिवेणी प्रकाशन, डेहरी आन सोन, रोहतास, बिहार, मूल्य 100 ₹ )   में भी निर्भय ही दिखाई पड़ते है । बड़ी ही निर्भीकता से मानव - मन और व्याप्त समाज की समस्याओं का सजीव चित्रण किया है । मुख्यतः कवि बनने के लिए उबड़ - खाबड़ , ऊँच  - नीच, टेढ़े - मेढ़े, कभी सुखा तो कभी दलदली रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है । कवि इन्हीं रास्तों से अपने जीवन में संघर्ष करते हुए आगे बढ़ता है, और अपने संधर्ष के  अनुभवों को बड़ी ही सरलता के साथ शब्दों का जामा पहनाकर एक मजबूत और भड़कीली इमारत खड़ा करता है । जिसके भीतर समाज के कई जटिल से जटिलतम समस्याएं जैसे - सामाजिक ,राजनैतिक ,आर्थिक और धार्मिक प्रश्नों का हल खोज निकालने का हमे रास्ता दिखलाता है । निर्भय जी वह कवि है जो किसी भी प्रश्नों से भागते नहीं है और ना ही वह प्रश्नों से मुँह फेरकर कोई कायरता दिखलाने जैसा कार्य करते हैं ,बल्कि वह रचनाओं में इन प्रश्नों से मात्र लोहा ही नहीं लेते है । वह तो उसका उत्तर पाने की कोशिश में अपनी ऊर्जा खपाते नजर आते हैं । कहा जाता है कि साहित्य समाज का दर्पण है । यह उक्ति " कलम बोलती है " में पूर्णतः चरितार्थ दिखती है ।
                                   निर्भय जी की पुस्तक कलम बोलती है में मैंने उनक लिखा पुरोवाक् पढ़ा । जिस तरह सृष्टिकर्त्ता  की रचनाओं को इन्होंने अदभुत, विचित्र और आनन्दायक बताया  है । ठीक वैसे ही  निर्भय जी कहते है कि यह पूरा विश्व ही मेरा घर है । इससे इनके हृदय का विशाल रूप रेखा का पता चलता है ।कविवर सुमित्रा नंदन पन्त की पंक्तियों के माध्यम से निर्भय जी स्वयं को वियोगी कवि की संज्ञा देते हैं , जबकि मैं तो इनके काव्य संग्रह को पढते ही वियोगी कवि कहने लगा हूँ ,और उनकी रचनाओं से सत्य भी यही दृष्टिगोचर  होता है ।
' काशी का कबीर ' इस कविता के माध्यम से बड़ी ही सहजता से धर्म के अलमबरदारों पर कुठार अधात किया है और बताया है कि किस प्रकार धर्म का वितंडा खड़ा करने वाले धर्म का मर्म नहीं समझते है । वह समाज को केवल भ्रम के जाल में घुमाते रहते है । संत कबीर के माध्यम से कवि कहना चाहता है कि धर्म का मर्म समझने वाले पाखण्ड नहीं फैलाते बल्कि पाखण्ड को खण्ड - खण्ड  कर धर्म का सच्चा स्वरूप समाज को दिखलाना चाहते हैं । आदमी की जाति आदमियता होती है और उसका धर्म सम्पूर्ण संसार के लिए किया गया कर्म है ।
                        इस कवि की कविता हमारे अंतर्मन को झकझोर देती है , लगता है कवि समाज की समस्याओं से इतना आहत है कि पूरे समाज को वह बदल देना चाहता है । वह नहीं चाहता है; संसार का कोई भी व्यक्ति भुखमरी, बेरोजगारी ,और अशिक्षा का दंश झेले । वह समाज को एक आदर्श रूप में देखना चाहता है । वह हमारे अंतर्मन को तो झकझोरता ही है साथ- ही - साथ बाहरी समस्याओं से लड़ने के लिए भी उद्देलित करता है । द्रष्टव्य है कवि की चंद पंक्तियाँ -
                            " जबतक विचारों का मंथन कर
                               दृष्टि साफ नहीं करोगे
                                भीतर के शैतान को
                                 पूरी तरह
                                 पराजित कर बाहर के
                              शैतान से नहीं लड़गे  । "
  पुस्तक के भीतर की एक  - एक रचना प्याज़ के छिलके की भाँति है,  जो परत - दर -परत जीवन का एक नया संदेश लिए बैठी है । जितनी ही परत उतरती है, उतना ही जीवन को समझने के लिए एक नया दृष्टिकोण प्राप्त होता है । चाहे वह गज़ल हो या गीत, चाहे नवगीत हो या मुक्त छंद की कविता । सभी रचनाएँ जीवन में एक नये आयाम का द्वार खोलती है । "कलम की नोक " कविता में कलम को जहाँ डराने वाले हैं, वहीं दूसरी तरफ कलम से थर्राने वाले भी हैं । वह तो केवल स्वांग करते हैं तथा कलम को स्वयं से कम आकते हैं ।कलम का भय उन्हें भी सताता है । कलम एक सिपाही की भाँति अपने विरोधियों का दमन भी करती है,  क्योंकि कलम अंतर्मन की आवाज़ है और इसी आवाज़ की हुंकार हैं, कवि निरंजन कुमार निर्भय । इनकी कविताओं में एक परिवर्तन की बयार बह रही है , जो समाज की सभी विपदाओं को अपनी तूफानी वेग में बहा ले जाने को आतुर है और समाज में अमन - शांति स्थापित करना चाहती है ।
जिस प्रकार हीरे की परख एक जौहरी ही जानता है ।वैसे ही साहित्य की परख एक साहित्यकार ही जानता है । यदि " कलम बोलती है " काव्य संकलन प्रकाशित न हुई होती तो ना मैं काव्य पढ़ता और ना ही इसके माध्यम से सामाजिक परिवर्तन का हिस्सा ही बन पाता और ना ही समालोचना लिखने के लिए विवश हो पाता । संपादक ने जिस प्रकार कवि के बिंबों को समझकर जो यथोचित तथा न्यायोचित स्थान दिया है  , तथा प्रकाशन के माध्यम से " कलम बोलती है " का जिस प्रकार प्रकाशन किया है । वह निश्चय ही सराहनीय है । पाठक मेरी समीक्षा को पढ़ने के बाद इस काव्य संग्रह को अवश्य ही पढ़ना चाहेंगे ।


                      - अभिषेक कुमार 'अभ्यागत'
                             ( पुस्तक समीक्षक )
                         डेहरी आन सोन, रोहतास,  (बिहार)